लुधियाना के मिलरगंज इलाके में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मोहल्ला प्रीत नगर सेवकपुरा में घर के बाहर गाड़ी निकालने को लेकर हुए झगड़े में हमलावरों ने पिता-पुत्र पर पिस्टल के बट से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में साहिल कपूर, उदित कपूर, सुनील कपूर और कमल समेत 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। CCTV में कैद हुई वारदात: हाथ में पिस्टल लहराते दिखे हमलावर घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर घर के बाहर जमा होकर गालियां दे रहे हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में पिस्टल है। गाली-गलौज के बाद सभी आरोपी जबरन घर के अंदर घुस जाते हैं और मारपीट शुरू कर देते हैं। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। 20 मिनट बाद एंडेवर गाड़ी में आए हथियारबंद युवक पीड़ित सिमरनजोत सिंह ने पुलिस को बताया कि 26 फरवरी की सुबह करीब 11:15 बजे वह अपनी आई-20 कार घर से बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान साहिल और उदित कपूर ने अपनी स्कूटी उसकी कार में मार दी और झगड़ा करने लगे। बहस के करीब 15-20 मिनट बाद आरोपी एक एंडेवर गाड़ी में अपने 5-6 साथियों के साथ लौटे। आरोपियों ने सिमरनजोत और उसके पिता की बेरहमी से पिटाई की। सिमरनजोत की नाक पर पिस्टल के बट से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। आरोप है कि सुनील कपूर ने सिमरनजोत के पिता की दाढ़ी खींची और मुक्का मारकर उनका नीचे का दांत तोड़ दिया। इस झड़प के दौरान पीड़ित की 2 तोले की सोने की चेन भी गायब हो गई। इन धाराओं में मामला दर्ज भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के
धारा 333 (घर में घुसकर हमला), 115(2), 117(2), 299, 191(3), 190,आर्म्स एक्ट 25/27-54-59 (अवैध हथियार का प्रयोग)। तहत मामला दर्ज किया है


