नेशनल हाइवे 25 पर घड़सी का बाड़ा सरहद में शुक्रवार शाम 4 बजे तेज रफ्तार निजी बस आगे चल रहे दो वाहनों को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराने से बड़ा हादसा हो गया। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक साइड के हिस्से में स्लीपर कोच में बैठे छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें 6 व 3 साल के दो मासूम सगे भाइयों के सिर धड़ से अलग हो गए। स्लीपर कोच से क्षत-विक्षत हालत में कुचले गए शव लटकते नजर आए। कल्याणपुर व पचपदरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया। चार गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया। बस में नीचे की सीट पर बैठे अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई है। हादसे में नरपतराम (30) पुत्र सदाराम विश्नोई निवासी चिमड़ावास,चितलवाना, नगाराम (38) पुत्र थानाराम देवासी निवासी बोड़वा,सायला, अनुष्का (22) पुत्री भगवानाराम विश्नोई निवासी दांता, सांचौर, युवराज (6) पुत्र धारूराम व उसका 3 वर्षीय भाई शिवराज पुत्र धारूराम मेघवाल निवासी राउता,बागोड़ा की मौत हो गई। एक की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। 5 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दी महबूब पुत्र अजीज खान निवासी जाम्बा चारणान, बीबा पत्नी धारूराम निवासी राउता, जितेन्द्र पुत्र जगदीश सुथार निवासी मेगावा, वगताराम पुत्र भोमाराम निवासी मोरसिंग गंभीर घायल हो गए। इन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया। कृष्णकुमार पुत्र सुडाराम विश्नोई निवासी मेगावा,शकील पुत्र अलाबक्स निवासी मलार,जेहाराम पुत्र मगाराम निवासी मोरसिंग, रमेश पुत्र शैतानाराम निवासी मेगावा,धारूराम पुत्र बगदाराम निवासी राउता को प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दी। पूर्व विधायक मदन प्रजापत, पूर्व सभापति महेश बी. चौहान, गोविंदसिंह कालूड़ी मौके पर पहुंचे। भास्कर इनसाइट – बस के आगे थे दो वाहन, सामने ट्रेलर था फिर भी ओवरटेक निजी बस चालक की लापरवाही सामने आई है। घड़सी का बाड़ा सरहद में आगे चल रहे दो वाहनों को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान सामने से ट्रेलर नजर आ रहा था, लेकिन बस चालक ने ट्रेलर आने से पहले ही ओवरटेक हो जाने के अंदेशे से बस को तेज रफ्तार से भगाता रहा। इस दरम्यान ट्रेलर बिल्कुल ही नजदीक आ गया तो चालक ने बस का अगला हिस्सा बचाते हुए वाहन को अपनी साइड में लेने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेलर व बस का साइड का हिस्सा रगड़ते हुए दोनों वाहन आगे बढ़ गए। हादसा होने के बाद ट्रेलर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। बस चालक भी वाहन को छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाकर संदिग्ध वाहन की तलाश की, लेकिन शाम तक पता नहीं चल पाया। इधर, हादसा होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों व एंबुलेंस से उपचार के लिए रवाना किया। बस के पास ट्रैक्टर-टंकी खड़ी कर घायल यात्रियों व मृतकों को बाहर निकाला। हादसों का फ्लैश बैक > 10 नवंबर 2021 : नेशनल हाइवे पर भांडियावास सरहद में ट्रेलर से टक्कर होने के बाद निजी बस में आग लगी गई थी। 12 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई थी।
> 30 सितंबर 2025 : एनएच-25 पर बागुंडी फांटा के समीप तेज रफ्तार निजी बस ने बाड़मेर की तरफ से आ रही कार को गलत साइड में जाकर टक्कर मार दी। इससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी।
> 29 अक्टूबर 2024 : एनएच-25 पर कुड़ी गांव की सरहद में सड़क पर खड़ी बस में पीछे से आ रही मिनी बस ने टक्कर मार दी। इससे तीन की मौत हो गई। वहीं 14 यात्री घायल हो गए थे। होली पर घर जा रहे थे, सफर अधूरा रहा जोधपुर में बीएड कर रही थी अनुष्का जोधपुर में बीएड कर रही थी। होली की छुट्टियों पर अपने भाई के साथ अपने गांव दांता आ रही थी। भाई शंकर विश्नोई हादसे में सुरक्षित है। वह सीकर में नीट की तैयारी कर रहा था। सीकर से जोधपुर आया था और बहन के साथ गांव आ रहा था। एम्स में रिश्तेदार से मिलने गए थे नगाराम बोड़वा पीएस सायला के निवासी नगाराम (38) पुत्र थाना राम देवासी अपने साली को मिलने जोधपुर में एम्स हॉस्पिटल गया था। वह बस में स्लीपर कोच में बैठा था। साली से मिलने के बाद वह जोधपुर से सांचौर जाने वाली बस में लौट रहा था। इसके परिवार में 2 बेटियां और एक लड़का है। परिवार के बड़े बेटे थे नरपत विश्नोई नरपत पुत्र सदराम विश्नोई जोधपुर में एलडीसी के पद पर कार्यरत थे। वे परिवार के बड़े बेटे थे। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं, जबकि उनके पिता किसान हैं। नरपत पढ़े-लिखे और मिलनसार स्वभाव के युवक थे तथा परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। परिवार सहित घर जा रहे थे,बच्चे खो दिए हादसे में मृतक मासूम शिवराज व युवराज के पिता धारूराम पोकरण अस्पताल में एक साल पहले ही नर्सिंग ऑफिसर पद पर नियुक्त हुए थे। अभी इनका प्रोबेशन पीरियड भी पूरा नहीं हुआ था। होली मनाने के लिए पत्नी व दो मासूम बेटों के साथ अपने गांव बागोड़ा माता-पिता के पास जा रहे थे, हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई और माता-पिता दोनों घायल है। इनका जोधपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।


