छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले दिवाली होगी। सीएम विष्णुदेव साय आज दोपहर बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। जिसमें कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि जारी करेंगे। इस मौके पर सीएम साय 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपए के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सम्मेलन बिल्हा ब्लॉक के ग्राम रहंगी स्थित खेल मैदान में होगा। होली त्योहार से ठीक पहले खाते में राशि पहुंचने से किसानों में उत्साह का माहौल है। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए मिलेंगे। कलेक्टर-विधायक ने देर रात सभास्थल का लिया जायजा ग्राम रहंगी में आयोजित किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री साय के आगमन को लेकर जिला प्रशासन का अमला तैयारियों में जुटा हुआ है। शुक्रवार रात कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक धरम लाल कौशिक के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच और बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, किसानों के पंजीयन काउंटर व मीडिया व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली है। कलेक्टर बोले- किसानों को न हो असुविधा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम भी उपस्थित रही। कलेक्टर ने कहा कि यह किसानों से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। विधायक कौशिक ने भी कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित होने पर संतुष्टि जाहिर किया। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से ही प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे। कुछ किसानों से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी भी लेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। सीएम की सभा में भीड़ जुटाने पंचायतों को दिया टारगेट जिला प्रशासन ने सम्मेलन में किसानों को लाने की जिम्मेदारी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को दी है। वहीं, ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों ने जिले भर के पंचायतों को किसानों और महिलाओं की भीड़ लेकर आने का टारगेट दिया है। इसके लिए पंचायतों के लिए वाहनों का भी इंतजाम प्रशासनिक स्तर पर किया गया है। जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन जिले में जिन प्रमुख कार्यों की सौगात मिलेगी, उनमें उच्चस्तरीय पुल निर्माण, प्रमुख मार्गों का मजबूतीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों का निर्माण, तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास और सिंचाई नहरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी। किसान सहायता राशि से कृषि निवेश में तेजी आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। जानिए विकास कार्यों के बारे में ये रहेंगे मौजूद इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह। सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य पाठय पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष रजनीश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।


