पाली कलेक्ट्रेट पर खटीक समाज का प्रदर्शन:इधर गाजे-बाजे के साथ भैरूजी को बिठाया पाट, किसानों के स्नेह मिलन में उठी जवाई पुनर्भरण की मांग

पाली में शुक्रवार को तीन इवेंट हुए। नर्सिंगकर्मी कैलाश नागौर सुसाइट मामले में दर्ज केस में 14 दिन बाद आरोपी महिला की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज के लोग कलेकट्रेट पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
इसी तरह शहर के मानपुरा भाखरी पर किसान संघर्ष समिति का होली स्नेह मिलन हुआ। जिसमें जवाई पुनभर्रण की बात कही गई तथा किसानों के हितों को लेकर चर्चा की गई।
इधर शहर के जरदा बाजार व घी का झंडा में शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ भैरुनाथ को पाट बिठाया। भैरुनाथ की महाआरती की गई फाग गीत गाए। इसके साथ ही धानमंडी सुबह तणी बांधी गई। कलेक्ट्रेट पर खटीक समाज का प्रदर्शन, बोले- नर्सिंगकर्मी को सुसाइड के लिए
मजबुर करने वाली महिला को गिरफ्तार करो केशव नगर में रहने वाले नर्सिंगकर्मी कैलाश नागोरा की खुदकुशी के 14 दिन बाद भी संदिग्ध महिला की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस बात से नाराज खटीक समाज के लोग शुक्रवार को परिवारजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे। कैलाश की मां कैलाश की तस्वीर लेकर महिलाओं के आगे चल रही थी।
इससे पहले खटीक समाज के लोग कलेक्ट्रेट के सामने इकट‌्ठा हुए और कैलाश को न्याय दो- न्याय दो… के नारे लगाए। एएसपी जय सिंह तंवर और कोतवाल रविन्द्र खिंची ने समाज से ज्ञापन लिया और दोषियों पर जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया। बता दें कि 12 फरवरी की शाम को जहर खा कर कैलाश ने सुसाइड कर दिया था। जहर खाने से पहले कैलाश ने दो वीडियो बनाकर समाज के ग्रुप में शेयर किए थे। जो वायरल हो गए। दोनों वीडियो में कैलाश ने आत्महत्या के लिए एक महिला को जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद परिजनों ने भी कोतवाली थाने में नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।
मामले में कोतवाल रवींद्र खींची ने बताया कि गिरफ्तारी को लेकर टीमें गठित की हैं। आरोपी अभी फरार है। आरोपी की ओर से एडीजे कोर्ट में अग्रिम जमानत भी लगाई गई थी, जिसे 25 फरवरी को खारिज कर दिया है।

भैरूजी को गाजे-बाजे के साथ बिठाया पाट, गाए फाग गीत
शहर में जरदा बाजार व घी का झंडा में शुक्रवार को भैरुनाथजी को पाट बिठाया गया। पाटोत्सव का आगाज भैरुनाथ की महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद फागोत्सव कर प्रतिमा को गुलाल से होली खिलाकर विधि-विधान से पाट बिठाया।
पिछले 40 वर्षों से जोधपुर से आ रहे अब्दुल भाई शहनाई वादक सहित फाग गायकों ने चंग और नगाड़ों के थाप पर पूरे दिन फाग गाए। फाग गायकों ने राहगीरों के साथ आने वाले भक्तों को फाग गाकर रिझाया। गायकों ने कई पारंपरिक गीतों से भी वहां मौजूद लोगों को खूब लुभाया।
मंदिर के कोतवाल सवाई सिंह ने बताया कि पाली गांव के लोग मनोकामना की पूरी करने के लिए भैरूजी को नारियल चढ़ाने आते हैं। सोमवार को मंदिर में 600 से ज्यादा भक्तों ने नारियल चढ़ाया।
भैरुनाथ विकास समिति के संयोजक सज्जन राज धारोलिया ने बताया कि पाटोत्सव के दौरान मंदिर को आकर्षक रंगों से भैरूनाथ की भाव प्रतिमा को सजाया था। रात में महाआरती के बाद आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक भीम राज भाटी, तहसीलदार कल्पेश जैन एवं कोतवाल रविंद्र सिंह खींची, हुक्मीचंद संचेती, धनराज खांटेड, गौतम भंसाली, पूरण श्रीश्रीमाल, गौतम कावड़, नितेश धारोलिया आदि लोग मौजूद रहे। धानमंडी में व्यापार मंडल ने बांधी तणी
होली पर्व को लेकर धानमंडी व्यापारियों ने मिलकर भगवान भैरुनाथ मंदिर धानमंडी चौक में शुक्रवार सुबह 9 बजे तणी बांधी। धान मंडी व्यापार संघ के दौलाराम पटेल ने बताया कि परम्परागत रीति रिवाज के अनुसार अनुसार इस बार भी धान मंडी चौक में भैरुनाथ को विधि-विधान के साथ पाट बिठाया। मानपुरा भाकरी पर किसानों का स्नेहमिलन, जवाई पुनर्भरण की उठी मांग
पाली शहर के मानपुरा भाखरी में शुक्रवार दोपहर में किसान संघर्ष समिति के तत्वावधान में होली स्नेह मिलन समारोह हुआ। कार्यक्रम के बाद किसानों ने सीएम भजनलाल शर्मा के नाम कलेक्टर को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने जवाई पुनर्भरण योजना के लिए मंजूर 2554.23 करोड़ का जिक्र करते हुए कहा कि चक चाण्डमारिया और बुंझा बांध के निर्माण में विलंब चिंताजनक है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य तुरंत शुरू नहीं किया, तो क्षेत्र का किसान आंदोलन के लिए मजबूर होगा। किसानों ने हेमावास पुनर्भरण योजना के तहत फेस-II के निर्माण की मांग उठाई। समिति ने सुझाव दिया कि बांध का कमांड एरिया सिंचित होने के बाद शेष बचे पानी को लिफ्ट सिंचाई के माध्यम से रामासिया, मंडली, काणदरा, गुरलाई, मादड़ी, दयालपुरा, गिरादड़ा, रूपावास और केरला जैसे गांवों तक पहुंचाया जाए। इससे पेटा काश्त के किसान भी लाभान्वित हो सकेंगे। साथ ही, किसानों ने मांग की कि जल वितरण कमेटी के अनुसार सिंचाई के लिए बाकी बची चौथी पाण की नहर तुरंत खोली जाए। मास्टर प्लान पर आपत्ति जताते हुए किसानों ने कहा कि जोधपुर बाइपास और अन्य क्षेत्रों में प्रस्तावित 60 से 80 फीट की सड़कों की आवश्यकता नहीं है, इन्हें घटाकर 40 फीट किया जाए। इसके अतिरिक्त, रामासिया पेट्रोल पंप के पास खसरा नंबर 141 (गोचर भूमि) पर किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाने और नियमों के विरुद्ध जारी किए गए अप्रूवल प्लान को रद्द करने की मांग की। इसके अलावा साल 2023 के लंबित फसल बीमा क्लेम और अनुदान का भुगतान तुरंत किया जाए। इस दौरान किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष गिरधारी सिंह, सुल्तान सिंह, आनंद सिंह, चेनाराम, मदनसिंह जागरवाल सहित कई किसान मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *