राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) में चल रहा सीआरसी विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के बाद अब सरकार की ओर से गठित एडहॉक कमेटी के सदस्यों ने ही मौजूदा कन्वीनर दीनदयाल कुमावत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कमेटी के चार सदस्यों धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, पिंकेश जैन और मोहित यादव ने सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार को लेटर लिखकर कुमावत के खिलाफ कार्रवाई करने और नए कन्वीनर की नियुक्ति की मांग की है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष जूली भी RCA विवाद पर आपत्ति जताकर चुनाव का आयोजन करने की मांग कर चुके है। एडहॉक कमेटी के चार सदस्यों ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को दीनदयाल कुमावत ने राजस्थान क्रिकेट संघ को राजस्थान सार्वजनिक न्यास अधिनियम, 1959 की धारा 17(2) के तहत ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत कराने के लिए आवेदन किया गया है। जबकि RCA पहले से ही राजस्थान खेल अधिनियम-2005 के तहत पंजीकृत संस्था है, वर्तमान में उसका संचालन रजिस्ट्रार द्वारा एडहॉक कमेटी कर रही है। ऐसे में ट्रस्ट के रूप में पंजीकरण का आवेदन नियमों के विपरीत और पूरी तरह गलत है। चारों सदस्यों ने बताया कि अगर यह पंजीकरण हो जाता है, तो राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एक ट्रस्ट बन जाएगा, जिसके ट्रस्टी दीनदयाल कुमावत होंगे। लेटर में यह भी बताया गया कि ट्रस्ट पंजीकरण के लिए जो फॉर्म 5 फरवरी 2026 को नोटरी कराया गया, उसी दिन राजस्थान उच्च न्यायालय की जोधपुर पीठ ने सिविल रिट याचिका संख्या 2564/2026 (देवी सिंह बनाम राजस्थान राज्य व अन्य) में आदेश पारित कर दीनदयाल कुमावत को एडहॉक कमेटी के कन्वीनर के रूप में कार्य करने से रोक दिया था। एडहॉक कमेटी के सदस्यों ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद संयोजक के रूप में आवेदन करना न्यायालय की अवहेलना की श्रेणी में आता है। ऐसे में उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाना चाहिए। एडहॉक कमेटी के सदस्यों ने रजिस्ट्रार को लिखे पत्र में बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिछले करीब 20 दिनों से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के बैंक खाते संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इसके कारण जीएसटी, टीडीएस और दूसरे टैक्स से संबंधित भुगतान समय पर नहीं हो सके हैं। साथ ही, हाईकोर्ट के आदेश (याचिका संख्या 64/2011) के तहत सर्विस टैक्स से जुड़े कुछ भुगतान हर महीने करने होते हैं। समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में सख्त कार्रवाई और बैंक खाते बंद होने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एडहॉक कमेटी के चार सदस्यों ने रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, राजस्थान से निवेदन किया है कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सुचारू संचालन के लिए जल्द से जल्द नए कन्वीनर की नियुक्ति की जाए। अगर यह फैसला जल्द से जल्द नहीं लिया गया। तो राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को अनावश्यक पेनल्टी और प्रशासनिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजस्थान क्रिकेट की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अब निगाहें सहकारिता विभाग के रुख और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। — अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करना के लिए क्लिक करें। — ये खबर भी पढ़ें RCA एडहॉक कमेटी का कार्यकाल फिर तीन महीने बढ़ा:कार्यकाल बढ़ाने के लिए रजिस्ट्रार से किया था आग्रह, जयपुर से आईपीएल मैच शिफ्ट होने का खतरा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) को लेकर सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 2 साल से मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर बनाई गई एडहॉक कमेटी को लेकर विपक्ष ने विधानसभा में मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को ट्रस्ट बनाने का भी विरोध किया। (पूरी खबर पढ़ें)


