जालंधर के संतोखपुरा में डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर देर रात फायरिंग की घटना हुई। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने घर और कार पर करीब 10 गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक बदमाश बाइक को सड़क के बीच में खड़ा करता है। इसके बाद दूसरा युवक पहले कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करता है, फिर घर पर गोलियां चलाता है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश आसानी से मौके से फरार हो गए। एक अन्य फुटेज में एक सिख युवक कार पर फायरिंग करता दिख रहा है, जिसकी कोई चीज सड़क पर गिर जाती है, जिसे उठाकर वह फिर से घर पर फायरिंग करने लगता है। घटना देर रात 1.40 बजे की है। सूचना मिलते ही एसीपी जयंतपुरी थाना 8 के एसएचओ के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसीपी ने बताया कि डॉक्टर परिवार के साथ घर में मौजूद था। परिवार के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बदमाशों ने कुल 10 गोलियां चलाई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना के दौरान किसी फिरौती की मांग नहीं की है। स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि उन्हें देर रात 2 बजे डॉक्टर यशपाल का फोन आया था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पार्षद ने यह भी बताया कि उन्होंने यह मामला पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के संज्ञान में ला दिया है, जिन्होंने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि वह डॉक्टर यशपाल को 20 सालों से जानते हैं और डॉक्टर मोगा में एक अस्पताल भी चलाते हैं। सीसीटीवी फुटेज में तीन व्यक्ति घटना को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं बताई जा रही है।


