नगर निगम ने आज लालपुर इलाके में शासकीय भूमि पर कब्जा कर बनाई गई बिल्डिंग पर बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सरकारी जमीन पर बनी इस बिल्डिंग में करीब 9 से 10 निजी दुकानें संचालित हो रही थीं। वहीं भवन के ऊपरी हिस्से में पीजी (पेइंग गेस्ट) भी चलाया जा रहा था। भारी पुलिस बल तैनात कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नगर निगम के सभी 10 जोन की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, वहीं निगम का उड़नदस्ता, बुलडोजर और अन्य अमला भी बड़ी संख्या में तैनात रहा। पूरी बिल्डिंग कराई जा रही खाली निगम अधिकारियों ने पहले भवन को खाली कराया, इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार चल रहा अभियान निगम का दावा है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। हाल ही में उरला-बीरगांव क्षेत्र में भी सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाए गए थे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी बिना पूर्व सूचना के इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।


