राजस्थान के दो खिलाड़ियों ने खेल जगत में प्रदेश का नाम रोशन किया है। डीडवाना-कुचामन के सुनील रेसर कश्मीर से कन्याकुमारी तक 8000 किलोमीटर की ऐतिहासिक दौड़ पूरी कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की ओर अग्रसर हैं। वहीं, डीडवाना-कुचामन (बरड़वा) के जय प्रकाश ने राष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।
सुनील रेसर का लक्ष्य कश्मीर से कन्याकुमारी और वहां से वापस सांगलिया (सीकर, राजस्थान) तक लगभग 8000 किलोमीटर की दूरी दौड़कर पूरी करना है। टीकमचंद बरड़वा ने बताया कि सुनील यह थका देने वाली लेकिन ऐतिहासिक यात्रा पूरी करने वाले दुनिया के पहले रेसर होंगे। उनकी इस असाधारण उपलब्धि को ‘गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह दौड़ केवल एक खेल उपलब्धि नहीं है, बल्कि युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र एकता का संदेश देने का अभियान भी है। सुनील कठिन मौसम, लंबी दूरी और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं। अपनी यात्रा के दौरान जब सुनील तमिलनाडु के करूर पहुंचे, तो वहां रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सेलम के रेलवे स्टेशन अधीक्षक श्री किशन, रुक्मा देवी और आशुतोष कुमार सहित स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर उत्साहवर्धन किया।
इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान एक प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब सुनील रेसर और उनकी टीम ने तमिलनाडु में ही राजस्थान के एक और होनहार खिलाड़ी जय प्रकाश का सम्मान किया। गौरतलब है कि जय प्रकाश ने मदुरै (तमिलनाडु) में आयोजित ‘द्वितीय एसएससीएफ नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक और व्यक्तिगत ट्रॉफी अपने नाम की। उनकी इस उपलब्धि से डीडवाना-कुचामन सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। कठिन रास्तों पर चलकर मंजिल पाने वाले इन दोनों युवा चैंपियंस की सफलता न केवल राजस्थान, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। खेलों के माध्यम से ये खिलाड़ी यह संदेश दे रहे हैं कि दृढ़ संकल्प, परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।


