बरनाला के सेखा फाटक पर शनिवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। बता दे कि शनिवार सुबह करीब 10:00 बजे बरनाला रेलवे स्टेशन से रवाना होने के एक मिनट के भीतर ही यह घटना हुई। जहां ट्रेन के फाटक के ऊपर रुकने से सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। देश की सबसे आधुनिक मानी जाने वाली यह ट्रेन बरनाला स्टेशन से अपनी अगली मंजिल की ओर जा रही थी। ट्रेन के अचानक रुक जाने से सैकड़ों यात्री भीतर ही फंसे रहे और उसके दोबारा शुरू होने का इंतजार करते रहे। सड़क पर भी राहगीर और वाहन ड्राइवर फाटक खुलने की प्रतीक्षा में परेशान होते रहे।
अधिकारियों ने नहीं जारी किया बयान इस तकनीकी खराबी को लेकर रेलवे विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। वे इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। फिलहाल, रेलवे के तकनीकी कर्मचारी खराबी के कारणों का पता लगाने के प्रयास में जुटे हैं। आम जनजीवन अस्त-व्यस्त शहर के व्यस्ततम फाटकों में से एक सेखा फाटक पर ट्रेन के फंसने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौके पर मौजूद लोगों में इस अत्याधुनिक ट्रेन की विश्वसनीयता को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान स्थिति को संभालने और जाम खुलवाने की कोशिश करते दिखे। जब तक ट्रेन ट्रैक से नहीं हटती, तब तक राहगीरों को राहत मिलना मुश्किल है।


