धौलपुर शहर के बस स्टैंड पर खोया एक व्यापारी का पर्स कोतवाली थाना पुलिस की सतर्कता से सुरक्षित वापस लौटा दिया गया। दिल्ली निवासी व्यापारी कृष्ण मोहन का पर्स बस स्टैंड पर गिर गया था, जिसे हेड कांस्टेबल सुभाष भास्कर ने ढूंढ निकाला। जानकारी के अनुसार, व्यापारी कृष्ण मोहन व्यापार के सिलसिले में धौलपुर आए हुए थे। इसी दौरान बस स्टैंड पर उनका पर्स कहीं गिर गया। यह पर्स कोतवाली थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष भास्कर को मिला। हेड कांस्टेबल सुभाष भास्कर ने पर्स की तलाशी ली। उसमें मिले दस्तावेजों और एक टेलीफोन नंबर के आधार पर उन्होंने व्यापारी कृष्ण मोहन से संपर्क किया और उन्हें पर्स मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही व्यापारी कृष्ण मोहन कोतवाली थाने पहुंचे। पुलिसकर्मी ने विधिवत पहचान कराने के बाद पर्स उन्हें सुपुर्द कर दिया। पर्स में एटीएम कार्ड, पासपोर्ट, क्रेडिट कार्ड सहित लगभग 2000 रुपये की नकदी सुरक्षित मिली। अपना पर्स सुरक्षित पाकर व्यापारी कृष्ण मोहन ने धौलपुर पुलिस का आभार जताया और उनकी ईमानदारी की सराहना की। इस सराहनीय कार्य से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है।


