फरीदकोट जिला व सेशन जज की कोर्ट में साल 2023 से संबंधित एक प्रेमी जोड़े के आत्महत्या मामले की सुनवाई के दौरान केस की जांच अधिकारी एसआई जोगिंदर कौर द्वारा बचाव पक्ष के वकीलों को धमकाने का मामला सामने आया है। वकीलों की शिकायत पर जिला व सेशन जज ने एसएसपी मोगा को एसआई पर आपराधिक अथवा प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए है। बचाव पक्ष के वकीलों ने बतौर गवाह पहुंची एसआई जोगिंदर कौर के बयान परीक्षण के समय उन पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज होने संबंधी सवाल पूछा था। कोर्ट के बाहर के धमकी जिससे गुस्साई जोगिंदर कौर ने कोर्ट से बाहर आते ही वकीलों को झूठा केस दर्ज कर उलझाने की धमकी दी। जानकारी के अनुसार जिला कोर्ट में दो दिन पहले 26 फरवरी गुरुवार को जब एसआई जोगिंदर कौर का बयान दर्ज किया जा रहा था। तो बचाव पक्ष के वकील आशु मित्तल और वकील करनदीप सिंह भुल्लर ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की एफआईआई के मुद्दे पर सवाल किया जिसको लेकर विवाद खड़ा हुआ। सेशन जज द्वारा पारित आदेश के अनुसार बयान दर्ज होने के बाद बाहर आकर एसआई जोगिंदर कौर ने वकील करनदीप सिंह भुल्लर को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। जिला व सेशन जज ने मामले पर दिखाई गंभीरता इस मामले में जिला व सेशन जज ने वकील करनदीप सिंह भुल्लर का बयान दर्ज कर एसएसपी मोगा को जोगिंदर कौर के खिलाफ कानून के तहत आपराधिक अथवा प्रशासनिक कार्रवाई कर सूचना कोर्ट को देने के निर्देश दिए है। फरवरी 2025 में कबाड़ी परिवार से वसूली थी 2 लाख रिश्वत इन दिनों मोगा पुलिस लाइन में तैनात एसआई जोगिंदर कौर, लंबे समय तक फरीदकोट जिले में सेवारत रही है। यहां के थाना सादिक में बतौर एसएचओ की तैनाती के समय फरवरी 2025 में उन पर चोरी केस में लुधियाना के एक कबाड़ी परिवार से 2 लाख की रिश्वत लेने के आरोप लगे थे। और शिकायत पर जिला पुलिस ने जोगिंदर कौर व उसके दो अंगरक्षकों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। इन दिनों वह इस केस में जमानत पर चल रही है।


