पैरोल से फरार कैदी 8 साल बाद गिरफ्तार:25 हजार का इनामी पहचान बदलकर उदयपुर में रह रहा था

कोटा शहर पुलिस ने वर्ष 2018 में पैरोल से फरार हुआ 25 हजार रुपये का ईनामी अपराधी लखन उर्फ लक्ष्मीनारायण को उदयपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गैंगरेप के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और जयपुर के सांगानेर थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण में दोषी ठहराया गया था। पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि लंबे समय से वांछित और ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गठित विशेष टीम ने फरार दंडित बंदी को उदयपुर में पहचान बदलकर गेस्ट हाउस में काम करते हुए ट्रेस किया। आरोपी को 25 अगस्त 2018 को 20 दिन की नियमित पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन 13 सितंबर 2018 को उसे वापस जेल में उपस्थित होना था। निर्धारित तिथि पर जेल नहीं लौटने पर थाना नयापुरा में प्रकरण दर्ज किया गया और उसकी तलाश शुरू की गई। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाने बदल रहा था और पैतृक गांव से भी दूरी बनाए हुए था। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के मंदसौर, सुवासरा सहित कई स्थानों पर दबिश दी। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से सूचना मिली कि आरोपी उदयपुर में नाम बदलकर रह रहा है। टीम ने गेस्ट हाउस में किरायेदार और गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मी बनकर रैकी की और आखिरकार आरोपी को डिटेन कर लिया। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। आरोपी को पकड़ने में विशेष भूमिका कांस्टेबल तंवर सिंह की रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *