छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों और झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा स्थित शुक्रवारी बाजार का है। जहां 27 फरवरी को भीड़भाड़ का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के गले से सोने की चेन तोड़ी और फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज करके जांच में लिया है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला सरस्वती नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता 27 फरवरी को कोटा शुक्रवारी बाजार में सब्जी लेने पहुंची थी। बाजार में शाम के वक्त काफी भीड़ थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात महिला काफी देर से उनके आसपास ही घूम रही थी। जैसे ही पीड़िता सब्जी खरीदने के लिए झुकी और भीड़ का दबाव बढ़ा, आरोपी महिला ने बड़ी चालाकी से उनके गले पर झपट्टा मारा और 1 तोला सोने की चेन छीनकर गायब हो गई। जब तक पीड़िता कुछ समझ पाती और शोर मचाती, आरोपी महिला भीड़ का फायदा उठाकर गलियों में ओझल हो गई। गायब हुई चेन की कीमत बाजार में लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने सरस्वती नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा पीड़िता की शिकायत पर केस की जांच कर रहे सरस्वती नगर थाना प्रभारी नरेंद्र साहू ने बताया, कि आरोपी की शिनाख्त में टीम लगी हुई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


