लोहे से भरी ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी:ड्राइवर को झपकी आने से हादसा, बिजली पोल टूटा, बाल-बाल बचे लोग

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अधिक ट्रिप लगाने की जल्दबाजी और लगातार माल ढुलाई के कारण एक ट्रक चालक को झपकी आ गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी हाइवा को ठोकर मारी, फिर बिजली पोल से टकराते हुए घर से लगी दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीण मौके से हट गए और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पथराटोला की है। शनिवार सुबह करीब 7 बजे आलापल्ली से रायपुर जा रहा ट्रक (क्रमांक CG 22 X 5339) दल्लीराजहरा-बालोद मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित हो गया। चालक को झपकी आने के कारण ट्रक पहले सड़क किनारे खड़ी हाइवा से टकराया, फिर बिजली पोल को तोड़ते हुए ग्रामीण भादूराम कोसमा की दुकान में जा घुसा। कच्चे लोहे से लोड था ट्रक ग्रामीणों के अनुसार ट्रक को दुकान की ओर तेजी से आते देख मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। ट्रक में कच्चा लोहा (आयरन ओर) भरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक काफी नींद में लग रहा था। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक व चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। चालक की तत्परता से रुका ढुल रहा हाइवा ट्रक की टक्कर के झटके से खड़ी हाइवा भी आगे बढ़ने लगी, लेकिन पास में मौजूद चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर उसे नियंत्रित कर लिया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। टक्कर से एक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया और लगभग 200 मीटर तक बिजली के तार खिंच गए। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल व तारों को दुरुस्त करने में जुट गई। अधिक ट्रिप की होड़, चालकों को पर्याप्त आराम नहीं हालांकि ट्रक की रफ्तार कम होने के कारण वाहन घर के अंदर पूरी तरह प्रवेश नहीं कर पाया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। बालोद के समाजसेवी दानी साहू ने बताया कि लगातार माल ढुलाई और अधिक ट्रिप लगाने के दबाव के कारण चालकों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *