मंडी में अभाविप नेताओं ने कॉलेज में की तालाबंदी:मांगों को लेकर प्रदर्शन, बोले- छात्रों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई ने छात्रहित से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में तालाबंदी कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। अभाविप नेताओं का आरोप है कि प्रशासन लंबे समय से छात्रों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों में भारी रोष है। इकाई अध्यक्ष करन ठाकुर ने बताया कि, पिछले कई महीनों से महाविद्यालय में शैक्षणिक, प्रशासनिक और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनेक समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी परिषद द्वारा समय-समय पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, वार्ता की पहल की गई और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किए गए। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो कोई ठोस आश्वासन मिला और न ही मांगों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। कैंटीन का टेंडर जारी किया जाए छात्रों की प्रमुख मांगों में वीजीसी मंडी बॉयज हॉस्टल की मेस के लिए दोबारा टेंडर जारी करना शामिल है। पिछले लगभग छह महीनों से मेस बंद होने के कारण छात्रों को 3-4 किलोमीटर दूर जाकर भोजन करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, कॉलेज कैंटीन के लिए भी पुनः टेंडर जारी करने की मांग उठाई गई है, जो पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, गार्ड नियुक्त करने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी रखी है। साथ ही, गर्ल्स कॉमन रूम की व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। करन ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो परिषद भूख हड़ताल या आक्रोश रैली जैसे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। परिषद ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रहित की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। यहां देखें फोटो…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *