गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एक सरकारी स्कूल में बच्चों से मजदूरी कराने का मामला सामने आया है। यहां स्कूली बच्चों को जंगल से लकड़ियां ढोकर स्कूल लाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला गौरेला ब्लॉक के बैगा बाहुल्य क्षेत्र चुकतीपानी स्थित बाजारडाँड़ सरकारी प्राइमरी स्कूल का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चे अपने कंधों पर लकड़ियों के गट्ठर लेकर स्कूल परिसर में आ रहे हैं। यह घटना स्कूल समय के दौरान की बताई जा रही है। भोजन पकाने के लिए मंगवाई गई थी लकड़ियां जब बच्चों से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि स्कूल में मध्याह्न भोजन पकाने के लिए उनसे लकड़ियां मंगवाई गई थी। एक तरफ जहां बच्चे अपनी परीक्षाओं की तैयारी में लगे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन उनसे ईंधन जुटाने का काम करवा रहा है। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा, “वीडियो मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद निंदनीय है। इस संबंध में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


