डीडवाना में श्याम निशान यात्रा का स्वागत:हनुमान घाट बगीची मंदिर में फागोत्सव आयोजित

डीडवाना के श्याम बाबा हनुमान घाट बगीची मंदिर में शनिवार को फागोत्सव और श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम नगर के प्राचीन चीला सरोवर घाट स्थित हनुमान घाट बगीची में संपन्न हुआ। निशान यात्रा शीतल कुंड बालाजी मंदिर से शुरू हुई। यह यात्रा दशहरा मेला मैदान, फव्वारा सर्किल, बस स्टैंड, नागौरी गेट, गुदड़ी बाजार, कोट गेट, कुंजड़पाड़ा, अजमेरी गेट और कुचामन रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। मंदिर ट्रस्टी हरीश तिवाड़ी ने बताया कि श्री श्याम बाबा हनुमान घाट मंदिर का पाटोत्सव पिछले छह वर्षों से फागोत्सव और निशान यात्रा के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष पहली बार बाबा श्याम की अश्वारूढ़ उत्सव मूर्ति निशान यात्रा के साथ शहर भ्रमण पर निकाली गई।

तिवाड़ी ने यह भी बताया कि शहर भ्रमण करने वाली बाबा श्याम की उत्सव मूर्ति का निर्माण ओडिशा के पुरी में हुआ है। मंदिर के गर्भगृह में बाबा का अष्टधातु का सचल श्रीविग्रह स्थापित है। डीडवाना का यह श्याम मंदिर उन कुछ स्थानों में से एक है जहां बाबा श्याम का विग्रह पत्थर का न होकर अष्टधातु का है। मंदिर पहुंचने पर बारस की ज्योत प्रज्वलित की गई, जिसके बाद फागोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान का पुष्प श्रृंगार किया गया। भक्तों ने द्वादशी की ज्योति के दर्शन किए। फागोत्सव के दौरान गुलाल और फूलों की वर्षा हुई, साथ ही भजन-कीर्तन भी प्रस्तुत किए गए। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया। हाथों में निशान लिए श्रद्धालु पूरे मार्ग में आगे बढ़ते रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *