कुल्लू के मनाली क्षेत्र के सोलंगनाला में स्की पैकेज के मुद्दे पर एक बार फिर दो ग्रामीण गुटों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद के दौरान तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्ष बाद में अपनी शिकायतें लेकर पुलिस थाना पहुंचे। जानकारी के अनुसार, यह विवाद स्की पैकेज से जुड़े हितों को लेकर हुआ, जहां ग्रामीण अपने-अपने अधिकारों और व्यवसाय को लेकर आमने-सामने आ गए। कुछ लोग जो साहसिक खेलों जैसे स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग और एटीवी राइड से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं, वे पर्यटकों को इन सभी गतिविधियों का एक पैकेज बनाकर बेच रहे हैं। ये है विवाद का कारण दूसरे गुट के युवकों का कहना है कि सोलंगनाला में जो लोग जिस भी साहसिक गतिविधि से जुड़े हैं, वे केवल उसी गतिविधि को पर्यटकों के साथ संचालित करें। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई और मामला विवाद में बदल गया। दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस कर रही जांच बात बढ़ने पर दोनों गुट मनाली थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले वर्ष भी हुआ था विवाद गत वर्ष भी स्की पैकेज को लेकर सोलंगनाला में विवाद बढ़ गया था, जिसके चलते कई दिनों तक सभी साहसिक गतिविधियां बंद करनी पड़ी थीं। इसका सीधा असर पर्यटन पर पड़ा था और मनाली आने वाले कई पर्यटकों ने लाहौल का रुख कर लिया था।


