धौलपुर अभिभाषक संघ के वकीलों ने होली से पहले अपने अंतिम कार्य दिवस पर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार गोयल ने भी सभी वकीलों को होली की बधाई दी। धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने इस मौके पर कहा कि होली रंगों का त्योहार है और हमें आपसी वैमनस्यता को भुलाकर इस पर्व को धूमधाम से मनाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं को गुलाल लगाकर उनसे आशीर्वाद भी लिया। अभिभाषक संघ बाड़ी के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह जादौन ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस प्रकार होली में अनेक रंग होते हैं, उसी प्रकार ये रंग सभी के जीवन को खुशहाल करें। उन्होंने कामना की कि होलिका दहन के साथ ही सभी बुराइयों का भी दहन हो जाए और समाज में भाईचारा व प्रेम का संचार हो। वरिष्ठ अधिवक्ता अतुल कुमार भार्गव ने धौलपुर बार और बेंच के बीच मधुर संबंधों को और बेहतर बनाने तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की कामना की। इस अवसर पर कोर्ट मैनेजर बृजेश शर्मा, मुंसरीफ राजीव शर्मा, महासचिव अरविंद सिंह गुर्जर, कीर्ति राजावत, स्मिथ अग्रवाल, कुसुमाकर गर्ग, जेपी त्यागी, रविंद्र मोदी, अमन भार्गव, जितेंद्र केन, नितिन मोदी और राजेंद्र प्रसाद शर्मा सहित कई अन्य अधिवक्ता व पदाधिकारी मोजूद थे।


