प्रतापगढ़ में नेशनल हाईवे 56 पर स्थित बारावरदा चौराहे पर शनिवार दिन में एक बड़ा हादसा टल गया। पत्थरों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर ग्राम पंचायत परिसर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। ट्रक चालक और परिचालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस चौराहे पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क संकरी होने, दोनों ओर गहरे नाले होने और भारी वाहनों की तेज गति के कारण यहां की स्थिति खतरनाक बनी हुई है। अवैध खनन से भरे ओवरलोड ट्रक तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे बाइक सवारों, कार सवारों और स्कूली बच्चों की जान को लगातार खतरा बना रहता है। कुछ दिन पहले एक स्कूली बालिका भी सड़क हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। सहकारिता मंत्री गौतम दक को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। स्पीड ब्रेकर की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारावरदा चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, हनुमान मंदिर के सामने भी स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, चौराहे की चौड़ाई बढ़ाई जाए, यात्रियों के लिए शेड की व्यवस्था की जाए और अवैध खनन व ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


