मोगा जिले की धर्मकोट पुलिस ने 24 घंटे के अंदर एक डकैती मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पीड़ित की पत्नी की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 9 लाख 22 हजार रुपए का लूटा हुआ सामान बरामद किया है। बता दे कि यह घटना मोगा जिले के धर्मकोट कस्बे में जलालाबाद निवासी मास्टर सुखपाल सिंह के घर हुई थी। सुखपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 11:45 बजे एक अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर घर में घुसा और मुख्य गेट खोल दिया। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर में दाखिल हुआ। तरल पदार्थ पिलाकर किया काबू आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, कोई तरल पदार्थ पिलाकर काबू किया, हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा बांध दिया। लुटेरे घर से लगभग 10 तोला सोना, 15 हजार रुपए नकद, एक एलईडी टीवी और एक इन्वर्टर बैटरी लेकर फरार हो गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की। दो आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने धर्मेंद्र सिंह उर्फ राज और सुखचैन सिंह उर्फ ढोली को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से इन्वर्टर बैटरी, एलईडी टीवी, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और कुछ सोना बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस डकैती की साजिश में पीड़ित सुखपाल सिंह की पत्नी मनजीत कौर भी शामिल थी। कोर्ट ने रिमांड पर भेजा आरोपियों ने बताया कि मनजीत कौर का धर्मेंद्र सिंह के साथ अवैध संबंध था, जिसके चलते उन्होंने मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


