सरगुजा में गांजा तस्करी करते हुए कार सवारों को पुलिस ने पकड़ा है। कार से 4 किलो गांजा जब्त किया गया एवं चार सवारों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं बाइक सवार एक युवक को आबकारी के उड़नदस्ता की टीम ने गांजा तस्करी करते हुए पकड़ा। युवक के पास से चार किलो गांजा बरामद किया गया है। दोनों मामले रघुनाथपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस चौकी रघुनाथपुर की टीम ने बीती शाम अंबिकापुर की ओर आ रही आई 20 कार क्रमांक सीजी 10 एएल 8571 को रोका एवं कार की तलाशी ली। कार की जांच करने पर सवारों के पास से 4 किलो गांजा मिला। कार सवार हेमसागर यादव (26 वर्ष) निवासी लैलंुगा जिला रायगढ़, खीरो यादव (25 वर्ष) निवासी तुमला, जशपुर एवं भूपेन्द्र यादव (24 वर्ष) निवासी लैलूंगा को पकड़ा। युवकों ने बताया कि वे रघुनाथपुर निवासी मुरारी चौबे को गांजा बेचने जा रहे थे। पुलिस ने मुरारी लाल चौबे (35 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया है। चारों के खिलाफ 20 बी नारकोटिक्स एक्ट की कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है। बाइक सवार युवक से चार किलो गांजा जब्त
शनिवार 28 फरवरी को रघुनाथपुर के उंचडीह-मोहनपुर रोड में बाइक सवारों को तेजी से जाते हुए देखकर संभागीय उड़नदस्ता दल ने उनका पीछा किया। बाइक को ओव्हरटेक कर रोकने पर बाइक सवार एक युवक भाग निकला। पुलिस ने बाइक सवार युवक आशिष पटेल निवासी कोट रघुनाथपुर के पास रखे हुए बैग की जांच की तो उसमें चार किलो गांजा बरामद हुआ। आबकारी अमले ने युवक को गिरफ्तार किया। संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि युवक के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 बी के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। युवक को कोर्ट में पेश कर दिया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


