4 हजार लीटर लाहन नष्ट, 8 भट्ठियां तोड़ीं:पांच क्षेत्रों में आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई

हनुमानगढ़ में आबकारी विभाग ने अवैध हथकढ़ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त और जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम ने पांच अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी। यह कार्रवाई गांव गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, अमरपुरा थेड़ी और नवां नहर क्षेत्र में की गई। इस संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने मौके पर लगभग चार हजार लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) को नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त, आठ कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। विभाग ने इस दौरान दो प्रकरण दर्ज किए और 10 पेटी देसी शराब भी जब्त की। आबकारी विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में हथकढ़ शराब के निर्माण और अवैध बिक्री को रोकने के लिए लगातार रेड और गश्त अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पटावरी के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक आबकारी विभाग द्वारा कुल 562 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जो विभाग की सक्रियता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में बीकानेर जोन के उपायुक्त पोमाराम, भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह और जमादार हुसैन खान सहित आबकारी टीम के कई सदस्य मौजूद रहे। विभाग ने आमजन से भी अवैध गतिविधियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *