पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:राहुल की कांग्रेस नेताओं को चेतावनी, थाने में छात्र का गला काटा; ब्लॉगर बोला- गोलगप्पे के पानी में चूहा हमने नहीं डाला

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर बरनाला में कांग्रेस की रैली रही। इसमें वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को आड़े हाथ लिया। उन्होंने खुले तौर पर नेताओं को संदेश दिया कि गुटबाजी छोड़ मिलकर काम करो। वहीं, चंडीगढ़ में बड़ी खबर नए DIG की तैनाती और पार्किंग रेट सस्ते होने से संबंधित है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… राहुल गांधी की पंजाब कांग्रेस को चेतावनी, कहा- टीम प्लेयर बनो, वरना मैं ठीक कर दूंगा बरनाला में आज कांग्रेस की रैली हुई, जिसमें वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर नेताओं को चेतावनी दी। उन्होंने कहा- मैं कांग्रेस पार्टी को मैसेज देना चाहता हूं कि काम टीम वर्क से होता है। एक प्लेयर गेम नहीं जीत सकता है। हमारे पास पूरी टीम बैठी है। मैं मैसेज देना चाहता हूं कि टीम प्लेयर बनो। वरना रिजर्व में बैठा देंगे। राहुल गांधी ने कहा- चाहे आप कितने भी बढ़े हो, पार्टी से बड़ा कोई नहीं है। आप टीम प्लेयर बनो। नहीं बने तो मैं और खड़गे आपको ठीक कर देंगे। यहां सारे सीनियर नेता बैठे हैं। मैं इन्हें बताना चाहता हूं कि हमारी सच्ची शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं। जो भी होगा, पंजाब में इनकी रिस्पेक्ट से होगा। इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी संबोधित किया। (पढ़ें पूरी खबर) थाने में छात्र का गला काटा, राजीनामे के लिए पहुंचे स्टूडेंट भिड़े जालंधर कैंट के थाने में राजीनामे के लिए पहुंचे छात्र गुट आपस में भिड़ गए। एक युवक ने तेजधार हथियार से दूसरे पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन पर कई जगह कट लगे हैं, जिसके चलते उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डॉक्टरों ने युवक की गर्दन पर 16 टांके लगाए हैं। युवक की हालत खतरे से बाहर है। घायल की पहचान मुकुल सेठी के रूप में हुई। वह 10वीं का छात्र है। चश्मदीद ने बताया कि थाने में आईओ ASI मुख्तयार मौजूद नहीं थे। इसके बाद दोनों पक्षों में थाने के बीच ही विवाद शुरू हो गया। (पढ़ें पूरी खबर) महिला सरपंच के बेटे पर तलवार से हमला, VIDEO सामने आया मालेरकोटला में एक महिला सरपंच के बेटे पर तलवार से हमला हो गया। आरोपी युवक गांव के पेट्रोल पंप में जबरन घुसा और सरेआम थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इसके बाद वह तलवार से हमला कर देता है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अहमदगढ़ के डीएसपी ने बताया कि युवक ने कंगनवाल गांव के पेट्रोल पंप पर बैठे सरपंच के बेटे के साथ मारपीट की। इसका वीडियो भी सामने आया है। पहले गांव वालों की तरफ से शिकायत नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में सरपंच कर्मजीत कौर के बेटे बहादुर सिंह की शिकायत पर FIR दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) बिट्टू बोले- कांग्रेस ने सिद्धू परिवार का इस्तेमाल किया केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नवजोत सिद्धू परिवार की जमकर तारीफ की। अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे बिट्टू ने कहा कि सिद्धू परिवार ने हमेशा पार्टी का भला किया, लेकिन कांग्रेस ने उनका इस्तेमाल किया। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू की ओर से भाजपा की बार-बार सराहना करने पर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी संदर्भ में जब बिट्टू से पूछा गया कि क्या साल 2027 से पहले सिद्धू परिवार भाजपा में शामिल हो सकता है, तो उन्होंने स्थिति साफ की। (पढ़ें पूरी खबर) गोलगप्पे के पानी में चूहा, ब्लॉगर बोला- हमने नहीं डाला, अंकल खुद को बचा रहे अमृतसर में गोलगप्पे की कांजी (पानी के डिब्बे) से चूहा निकलने का मामला गरमा गया है। ब्लॉगर करण ने कहा है कि रेहड़ी वाले अंकल खुद को बचाने के लिए हमारा नाम ले रहे हैं, जबकि इस मामले में हमारी कोई गलती नहीं है। करण ने कहा कि सिर्फ एक सामान्य चैलेंज वीडियो शूट की थी। वीडियो बनाते समय अचानक एक चूहा गिर गया। लोगों को सावधान करने के लिए ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाली गई थी। इससे पहले वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम ने रेहड़ी मालिक जय श्रीराम से बता की थी। उसने दावा किया था कि 8 फरवरी को तीन लोग उसकी रेहड़ी पर वीडियो बनाने आए थे और उनमें से किसी एक ने जानबूझकर चूहा डाला था। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाबी दंपती का दावा- गुरुद्वारा शीशगंज के बाहर बेअदबी हो रही पंजाब के एक सिख दंपती ने दिल्ली के गुरुद्वारा शीश गंज साहिब के बाहर बेअदबी का आरोप लगाया है। दंपती ने इसके कई वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि गुरुद्वारा साहिब के वॉशरूम में बीड़ी-तंबाकू और सिगरेट का इस्तेमाल होता है। खन्ना के रहने वाले गुरप्रीत गोरू ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब के गेट के बाहर लोग सरेआम सिगरेट पीते हैं, बीड़ियां पीकर फेंकते हैं, तंबाकू गिरा होता है, लेकिन इन पर एक्शन नहीं लिया जाता। गोरू ने कहा कि वह 8 महीने पहले खन्ना सिटी से यहां माथा टेकने आए थे। यहां हो रही बेअदबी का मसला उठाया तो उन्हें टारगेट किया जाने लगा। दंपती ने कहा कि वह पंजाब से यहां अपना रोजगार चलाने के लिए आए थे। गुरुद्वारा साहिब के बाहर चाय का अड्डा लगाया तो गुरुद्वारा के कुछ लोगों ने अड्डा नहीं लगाने दिया। बेअदबी का मसला उठाने पर उनका अड्डा जमने नहीं दिया जा रहा। (पढ़ें पूरी खबर) युवक ने पंखे से लटककर किया सुसाइड, दो महीने पहले शादी हुई मानसा की जैन स्कूल वाली गली में एक 34 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव पंखे से लटका मिला। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सिटी-1 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ASI सुखदेव सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान राहुल राज के रूप में हुई है। वह यूपी के गाजियाबाद का रहने वाला था। उसकी शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। राहुल राज पिछले दो वर्ष से मानसा के खोखरा खुर्द गांव में व्हाइटन एनर्जी पावर लिमिटेड में कार्यरत था। (पढ़ें पूरी खबर) स्कूटी ने बच्चे को मारी टक्कर, हवा में उछलने का VIDEO सामने आया लुधियाना के 33 फुटी रोड स्थित गुरुनानक नगर में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। ट्यूशन जाने की तैयारी कर रहा एक बच्चा तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक स्कूटी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा साइकिल समेत हवा में करीब 5 फीट ऊपर उछला और सिर के बल सड़क पर जा गिरा। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्चे की पहचान ऋषभ के रूप में हुई है। ऋषभ के पिता एक निजी कंपनी में ऑफिस वर्क करते हैं और मां गृहिणी हैं। परिजन ने बताया कि ऋषभ शाम के समय अपनी साइकिल ठीक करवाने के लिए दुकान पर गया था, ताकि वहां से लौटकर ट्यूशन जा सके। घर की गली में मुड़ते समय सामने से आ रही एक सफेद रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ के नए DIG होंगे राजीव रंजन, दिल्ली में एडिशनल सीपी रेंज पर पोस्टेड दिल्ली में एडिशनल सीपी (ईस्टर्न रेंज) के पद पर तैनात IPS राजीव रंजन सिंह का ट्रांसफर चंडीगढ़ कर दिया गया है। राजीव रंजन को दिल्ली पुलिस विभाग ने रिलीव कर दिया। वह यहां डीआईजी के पद पर जॉइन करेंगे। चंडीगढ़ में डीआईजी का पद कुछ समय से खाली पड़ा है। इससे पहले यह जिम्मेदारी 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी राजकुमार के पास थी। उनका कुछ महीने पहले ट्रांसफर हो गया था। उनके ट्रांसफर के बाद से डीआईजी की पोस्ट खाली थी। इस बीच चंडीगढ़ के पूर्व डीजीपी सुरेंद्र यादव का भी तबादला हो गया था। उस समय कुछ अवधि के लिए कार्यभार राजकुमार को सौंपा गया था। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ में सालाना पार्किंग पास सस्ते होंगे, प्रशासक ने छूट का सुझाव दिया चंडीगढ़ में वार्षिक पार्किंग पास की दरों में बड़ी कटौती की तैयारी चल रही है। चार पहिया वाहनों के लिए 6000 रुपये में मिलने वाला वार्षिक पास अब 4000 से 4500 रुपये में मिल सकता है। इससे कार ड्राइवरों को सालाना करीब 1500 से 2000 रुपये तक का सीधा फायदा हो सकता है। नगर निगम की ओर से एमसी वन पार्किंग पास लॉन्च करने के बाद अब इसमें बड़ी छूट देने पर काम किया जा रहा है। यह छूट केवल वार्षिक पास पर मिलेगी। मासिक पास की दरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *