कपूरथला जिले के साइंस सिटी चौकी क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद में एक युवक पर पिस्तौल तान दी गई। जान से मारने की नीयत से ट्रिगर दबाने पर गोली मिसफायर हो गई। शोर मचने पर मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका दूसरा साथी पिस्तौल लेकर फरार हो गया। चौकी इंचार्ज एएसआई लखवीर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइंस सिटी चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, धालीवाल दोनां कॉलोनी निवासी गुरनाम सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वह ठेके पर जमीन लेकर खेती करते हैं। आरोपी ने दी गालियां 27 फरवरी शुक्रवार की शाम वह अपने बेटे गुरप्रीत सिंह के साथ भतीजे विशाल पुत्र सोढी के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। वे दोनों विवाह समारोह में शरीक होने के लिए गली में खड़े थे। तभी पास खड़ा विशाल थापर उर्फ जॉर्डन अकारण ही गुरनाम सिंह के बेटे गुरप्रीत को गालियां देने लगा। मोटे कड़े से किया हमला जॉर्डन ने गुरप्रीत से कहा कि वह उसके बड़े भाई सागर थापर की गर्लफ्रेंड खुशी की मदद करता है, इसलिए उसे सबक सिखाना है। गुरनाम सिंह और उनके बेटे गुरप्रीत सिंह ने जवाब दिया कि वे मेहनती लोग हैं और ऐसे मामलों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। इस पर जॉर्डन ने अपने हाथ में पहने हुए मोटे कड़े से गुरप्रीत पर हमला कर दिया। आरोपी से किया फायरिंग का प्रयास इसके बाद जॉर्डन एक तरफ जाकर किसी को फोन करने लगा। कुछ देर बाद ही गांव राजापुर निवासी करण नाम का एक युवक वहां आ गया, जिसके पास एक पिस्तौल थी। करण के आते ही विशाल थापर उर्फ जॉर्डन ने उससे पिस्तौल ले ली और सीधे गुरप्रीत सिंह पर तानकर ट्रिगर दबा दिया। हालांकि, गोली मिसफायर होने के कारण चली नहीं। इस घटना के बाद मौके पर शोर मच गया और भीड़ इकट्ठा होने लगी, जिसके बाद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया।


