गंगमूल डेयरी ने दूध खरीद दरें बढ़ाईं:नई दरें 1 मार्च से लागू, 5 रुपए प्रति लीटर अतिरिक्त अनुदान भी

श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (गंगमूल डेयरी) ने दुग्ध उत्पादकों के लिए दूध खरीद दरों में वृद्धि की घोषणा की है। यह नई दरें 1 मार्च से प्रभावी होंगी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान भी दिया जाएगा। डेयरी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोर ने बताया कि यह निर्णय दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि संघ उचित मूल्य के साथ-साथ दुग्ध समितियों के माध्यम से तकनीकी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है। प्रबंध संचालक उग्रसेन सहारण ने नई दरों का विवरण देते हुए बताया कि 4.0 फैट और 8.5 एसएनएफ पर 35.73 रुपए प्रति किलोग्राम का भुगतान किया जाएगा। इसी प्रकार, 5.0 फैट व 8.5 एसएनएफ पर 41.27 रुपए, 6.0 फैट व 9.0 एसएनएफ पर 52.24 रुपए, 6.5 फैट व 9.0 एसएनएफ पर 55.95 रुपए और 7.0 फैट व 9.0 एसएनएफ पर 60.41 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से भुगतान होगा। सहारण ने कहा कि इन बढ़ी हुई दरों और अनुदान से क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने संघ क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक दूध अपनी ग्राम दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों पर विक्रय करें, ताकि इन सुविधाओं का पूर्ण लाभ उठा सकें। डेयरी प्रबंधन के अनुसार, यह कदम दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में उठाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *