डीग में शनिवार को मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार युवाओं को रोजगारोन्मुखी नीतियों से जोड़ने और नव-चयनित अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम मा. आदित्येन्द्र गवर्नमेंट कॉलेज, डीग के सभागार में संपन्न हुआ। इस दौरान अजमेर में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। सभागार में उपस्थित अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और नवनियुक्त कार्मिकों ने इस प्रसारण के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता की और अतिथियों के विचार सुने। इस रोजगार उत्सव के तहत डीग जिले के कुल 204 नव-चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में राजकीय सेवा मिली। स्थानीय समारोह में उपस्थित नवनियुक्त कार्मिकों को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र और विभागीय किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, समाजसेवी लखपत गुर्जर और भावना गांधी उपस्थित रहे। अतिथियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने नव-चयनित कार्मिकों को उनके उज्ज्वल भविष्य, जनसेवा और पूर्ण निष्ठा के साथ राजकीय दायित्वों का निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।


