बठिंडा शहर के बलराज नगर में रेलवे फाटक के पास झाड़ियों से करीब 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्राधिकार होने के कारण जीआरपी को सूचित किया। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, जो गलित अवस्था में था। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन को जांच के लिए जब्त किया गया। मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान गांव चोटिया निवासी 30 वर्षीय गगन पुत्र राम जी के रूप में हुई, जो मजदूरी करता था। सहारा टीम ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। जीआरपी अधिकारी सुखविंदर सिंह के अनुसार, परिजनों ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण अटैक माना जा रहा है। फिलहाल किसी पर संदेह नहीं है और धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है।


