जिला बदर आरोपी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार:सड़क पर आम लोगों को हथियार लहराकर डरा रहा था, पुलिस ने पकड़ा

दुर्ग पुलिस ने एक जिला बदर आरोपी को अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़ा है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। आरोपी सार्वजनिक जगह पर हथियार लहराकर लोगों को डरा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। 28 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी रोड स्थित पानी टंकी के पास एक युवक हाथ में लोहे का धारदार हथियार लेकर खड़ा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलगांव की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्रांत उर्फ विक्की चंद्राकर (27) निवासी ग्राम कुनारी, थाना पुलगांव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। जांच में पता चला जिला बदर है आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके बावजूद वह जिला बदर अवधि में क्षेत्र में घूमता मिला और लोगों के बीच दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी के खिलाफ अपराध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *