कोरबा जिले के 43,681 किसानों के खातों में 200.81 करोड़ रुपये की अंतर राशि अंतरित की गई है। यह राशि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को एकमुश्त भुगतान के रूप में मिली है। इस अवसर पर जिले में एक समारोह का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय समारोह सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड, कोरबा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। कैबिनेट मंत्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पावन पर्व रंग, उमंग और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर किसानों के खातों में राशि का अंतरण उनके लिए दोहरी खुशी लेकर आया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अपने वचन पूरे करते हुए किसानों के परिश्रम को सम्मान दिया है और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। मंत्री देवांगन ने केंद्र और राज्य सरकार की अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता मिलती है, जबकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदा या फसल क्षति की स्थिति में सुरक्षा कवच प्रदान करती है। इसके अतिरिक्त, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण और भूमिहीन किसानों के सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, जो किसानों की आय में वृद्धि और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित कर रही हैं। मंत्री देवांगन ने बताया कि कोरबा जिले के कुल 43,681 किसानों के खातों में आज 200.81 करोड़ रुपये की अंतर राशि अंतरित की जा रही है, जो जिले के कृषकों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि यह राशि किसानों के परिवारों की आवश्यकताओं की पूर्ति, कृषि कार्यों में निवेश और सामाजिक-आर्थिक उन्नति में सहायक होगी। इस दौरान, मंत्री ने हरदीमहुवा, ग्राम देवपहरी निवासी कृषक सुखन साय कोरवा से संवाद कर योजना के लाभ की जानकारी ली। कृषक श्री कोरवा ने बताया कि वे प्राप्त राशि का उपयोग अपने आवास निर्माण कार्य में करेंगे। मंत्री ने सभी कृषकों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।


