मोहाली के भाजपा नेता की हथियारों संग फोटो वायरल, केस:बोले- कार्रवाई राजनीति से प्रेरित, 15 साल पुरानी तश्वीर, असली हथियार नहीं हैं

मोहाली के थाना सदर खरड़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें वायरल करने के आरोप में स्थानीय भाजपा नेता रोहित सेठी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रोहित सेठी भारतीय जनता पार्टी में मंडल उपप्रधान के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, थाना सदर में तैनात एएसआई चमकौर सिंह ने यह रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रोहित सेठी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर में कंधे पर राइफल और दूसरी में हाथ में पिस्टल लिए हुए फोटो पोस्ट की थी, जो बाद में वायरल हो गई। सेठी खरड़ के सेक्टर-116 स्थित एस.बी.पी. सिटी ऑफ ड्रीम्स के फ्लैट नंबर 2006, प्लैटिना के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर एसएएस नगर (मोहाली) द्वारा 11 फरवरी 2026 को जारी आदेश (नंबर DCM/MA/2026/2974) के उल्लंघन के आधार पर की गई है। पुलिस का कहना है कि इस कृत्य से भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत अपराध बनता है।मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। रोहित सेठी की सफाई: राजनीति से प्रेरित है मामला यह 15 साल पुरानी तश्वीरें: रोहित सेठी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। सेठी का कहना है कि सोशल मीडिया पर डाली गई तस्वीरें करीब 15 साल पुरानी हैं और उनकी युवावस्था की हैं। उस समय ऐसा कोई कानून लागू नहीं था, जो सोशल मीडिया पर इस प्रकार की तस्वीरें पोस्ट करने पर रोक लगाता हो। असली हथियार नहीं हैं, एयर गन है: उन्होंने यह भी दावा किया कि तस्वीरों में दिख रहे हथियार असली नहीं, बल्कि खिलौना पिस्तौल और एयरगन हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *