राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की मां के निधन के बाद उनके पैतृक गांव काठूवास(बहरोड़) में अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि देने के बाद टीकाराम जूली फूट-फूटकर रोने लगे इसपर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने उन्हें सीने से लगाकर ढांढस बंधाया।
इस दुखद घटना के बाद टीकाराम जूली अपनी मां के पार्थिव शरीर को शुक्रवार देर रात पैतृक गांव काठूवास (बहरोड) गांव लेकर पहुंचे। शनिवार शाम 5 बजे गांव स्थित खेत में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री से मिलते ही भावुक हुए जूली इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री संजय शर्मा सहित राजस्थान और हरियाणा के कई विधायक, पूर्व विधायक और जनप्रतिनिधि पहुंचे। जैसे ही जितेंद्र सिंह उनके पैतृक निवास पहुंचे, टीकाराम जूली उनसे गले लगकर भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। पूर्व सीएम गहलोत, डोटासरा ने अर्थी को दिया कंधा अंतिम यात्रा के दौरान अशोक गहलोत, जितेंद्र सिंह और गोविंद सिंह डोटासरा ने अर्थी को कंधा देकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले पुष्प चक्र अर्पित किए गए। टीकाराम जूली ने विधि-विधान के साथ अपनी मां को मुखाग्नि दी। शुक्रवार को हुआ था चलती देवी का निधन बता दें कि अलवर ग्रामीण से विधायक और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की माताजी चलती देवी का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह अपने बेटे के साथ जयपुर में रह रही थीं। शुक्रवार देर शाम बाथरूम में अचानक गिरने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत एसएमएस अस्पताल जयपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे ने फोन कर शोक जताया वहीं, चलती देवी के निधन की सूचना मिलते ही देश और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने टीकाराम जूली से फोन पर संपर्क कर गहरी संवेदना व्यक्त की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन कर शोक जताया और परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी फोन पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भी फोन कर शोक व्यक्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत समेत अन्य कांग्रेस नेता पहुंचे इस दुखद समाचार के बाद टीकाराम जूली के आवास पर जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। शनिवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मंत्री संजय शर्मा, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़, विधायक रफीक खान, पूर्व विधायक संदीप यादव, धर्मेंद्र राठौड़, इमरान खान, संजय यादव, प्रकाश गंगावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि संवेदना प्रकट करने पहुंचे। कांग्रेस विधायक, कार्यकर्ता काठूवास पहुंचे विधायक मांगेलाल मीणा, शिखा बराला, जिलाध्यक्ष बलराम यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, दीनबंधु शर्मा, शिवलाल गुर्जर, रोहिताश्व चौधरी, फतेहपुर विधायक हाकम अली, पूर्व डेयरी अध्यक्ष विश्राम गुर्जर और संगठन मंत्री ललित तूनवाल, वैभव गहलोत ने भी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।


