छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 110 लीटर अवैध महुआ शराब और 2500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर की गई। जिले में अवैध शराब और कच्चा महुआ लाहन बनाने का कार्य धड़ल्ले से जारी है, जिसके खिलाफ आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। मगरलोड क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध महुआ शराब निर्माण स्थलों पर दबिश दी गई। 110 लीटर शराब और 2500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त आबकारी टीम ने मगरलोड क्षेत्र के पहांदा नाला और सिंगपुर नाला में छापा मारा। मौके से कुल 110 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और 2500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


