धमतरी में कांग्रेस का प्रदर्शन:ईडी के खिलाफ राजीव भवन के बाहर पुतला दहन, पुलिस से हुई नोकझोंक

छत्तीसगढ़ के धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए राजीव भवन से गांधी मैदान तक मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेसियों ने ईडी का पुतला दहन करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें रोका। इसके बावजूद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक दिया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस को मिले समन के बाद कांग्रेस के महामंत्री ने सभी जरूरी जानकारी ईडी को उपलब्ध कराई थी, इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं को जबरन घंटों तक बैठाया गया और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि ईडी भाजपा की तरह काम कर रही है और केवल कांग्रेस को निशाना बना रही है। अगर ईडी को राजनीतिक दलों के खर्चों और पार्टी कार्यालय के निर्माण का ब्यौरा लेना है, तो सिर्फ कांग्रेस की नहीं, भाजपा की भी जांच करनी चाहिए। विधायक ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप विधायक ओंकार साहू ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर हमने अंग्रेजों से नहीं डरे, तो भाजपा से भी डरने का सवाल नहीं उठता। इस तरह की कार्रवाई से कांग्रेस का मनोबल कमजोर नहीं होगा, बल्कि हम और मजबूती से उभरेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के अंदर और बाहर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इसका डटकर विरोध करेगी। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे अपने नेताओं को बचाने का काम कर रही भाजपा कांग्रेस युवा नेता आनंद पवार ने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी को विपक्ष के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे अपने नेताओं को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा को “वॉशिंग मशीन” करार देते हुए कहा कि यहां अपराधी शामिल होते ही उनके सारे पाप धुल जाते हैं। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह ईडी की कार्रवाई का पुरजोर विरोध करेगी और सरकार के दमनकारी रवैये के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *