जब मोदी ने पूछा- यहां पत्रकारों का आदमी कौन हैं:नए इंचार्ज के लिए मंगवाई ब्रांडेड कॉफी; आईएएस मैडम से बदजुबानी पर नपे इंजीनियर

भोपाल में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी ने नाइट स्टे किया। रात्रि विश्राम के पहले वे बीजेपी के विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ चुनिंदा बीजेपी पदाधिकारियों से मिले। इस मीटिंग की औपचारिक शुरुआत होने से पहले ही पीएम मोदी बोले- यहां पत्रकारों का आदमी कौन हैं, खड़े हो जाएं। ये सुनकर पूरे सभागार में सन्नाटा पसर गया। पीएम आगे बोले- आज की बैठक की बातें मैं कल के अखबारों में पढूंगा। पत्रकारों को खबरों पर जो मौन सहमति देते हैं ये भी ठीक नहीं। विपक्ष में नियुक्ति के बाद पूछ रहे ये किसके रिश्तेदार हैं
विरोधी दल में किसानों से जुड़ी विंग के नए चीफ की नियुक्ति हुई है। राजधानी के पड़ोसी जिले के एक नेता को किसान संगठन की कमान सौंपी गई। इसके बाद पार्टी के कार्यकर्ता ये पता करने में जुटे रहे कि ये किसके रिश्तेदार हैं। पार्टी के ही वर्कर कह रहे हैं कि ये तो सत्ताधारी दल के दिग्गज नेता के रिश्तेदार हैं। उनकी काट के तौर पर इन्हें नियुक्त किया गया है। इतनी महंगी कॉफी मंगाएंगे तो खर्चे कैसे चलेंगे
हाल ही में विरोधी दल के इंचार्ज बदले गए हैं। नए इंचार्ज ने पार्टी के कैडर को समझने के लिए दौरे और बैठकें शुरू कर दी हैं। राजधानी में पार्टी ऑफिस में मीटिंग के लिए जब भी इंचार्ज साहब बैठे तो स्टारबक्स की कॉफी ऑर्डर कराई गई। आदेश उस वक्त आया जब पार्टी की मीटिंग चल रही थी। जिन मातहतों को यह फरमान मिला उनके हाथ पांव फूल गए। क्योंकि, इतनी मंहगी कॉफी मीटिंग में पहले कभी नहीं मंगाई गईं। अब पार्टी ऑफिस का स्टाफ इस टेंशन में है कि अगर हर बार मीटिंग में इतनी मंहगी ब्रांडेड कॉफी मंगाई गई तो लेने के देने पड़ जाएंगे। दिल्ली तक पहुंचा मामला तो धड़ाधड़ हो गए एग्रीमेंट
सरकार रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर तेजी से काम कर रही है। केंद्र सरकार की एक स्कीम में रिन्यूएबल एनर्जी की फील्ड में निवेश करने वाले इन्वेस्टर्स को एनर्जी डिपार्टमेंट से भुगतान मिलेगा। इस स्कीम में कुछ बडे़ निवेशकों ने काम शुरू कर दिया। लेकिन, उनके एनर्जी डिपार्टमेंट में एग्रीमेंट नहीं हो पा रहे थे। मामले की जानकारी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पहले दिल्ली तक पहुंची तो आनन-फानन में निवेशकों को बुलाकर एग्रीमेंट कराए गए। आईएएस मैडम से बदजुबानी, नपे चीफ इंजीनियर
सेहत से जुडे़ विभाग की एक आईएएस मैडम बारीकी से काम और कलाकारी पर नजर रखती हैं। मैडम ने कुछ ऐसी फाइल्स पर सवाल-जवाब कर लिए जिनमें बिलो रेट पर लिए गए टेंडर को रिवाइज किया गया था। मैडम के नोट से विभाग के प्रभारी चीफ इंजीनियर साहब नाराज हो गए। उन्होंने मैडम से कह दिया आप इंजीनियर नहीं हैं। आप मेरे काम पर कैसे सवाल उठा सकती हैं। ये बदजुबानी मैडम को खराब लगी। उन्होंने इंजीनियर साहब के डिपार्टमेंट के हेड तक ये वाकिया पहुंचाया। मामले के तुरंत बाद प्रभारी चीफ इंजीनियर साहब की डिपार्टमेंट से रवानगी हो गई। होटल की कुर्की के नोटिस की गजब टाइमिंग
भोपाल में एमपी टूरिज्म की नामी होटल पर नगर निगम ने कुर्की का नोटिस लगा दिया। नोटिस में दावा किया गया कि होटल के ऊपर निगम का बकाया है, जो लंबे समय से चुकाया नहीं गया। नोटिस भले ही निगम की रूटीन प्रोसेस का हिस्सा हो, लेकिन सवाल उठा इसकी टाइमिंग को लेकर। नोटिस उस वक्त लगाया गया जब भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट चल रही थी और उसी होटल में समिट के डेलीगेट्स भी ठहरे थे। गेट के एक तरफ नोटिस था तो दूसरी तरफ समिट का पोस्टर। सत्ताधारी दल के ही एक पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री ने सिस्टम पर वॉट्सऐप ग्रुप में चिंता जाहिर की। बीजेपी नेता ने वसूली का वीडियो कर दिया शेयर
आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के कारण मध्यप्रदेश का परिवहन विभाग पूरे देश में सुर्खियां बटोर चुका है। वहीं सौरभ के बहाने आरटीओ में होने वाली अवैध वसूली भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। हाल ही में सोशल मीडिया में एक ट्रक ड्राइवर से आरटीओ अमले की वसूली का वीडियो बीजेपी के एक पूर्व प्रवक्ता ने शेयर कर दिया। इसके बाद विपक्षी कह रहे हैं कि चलो हम तो पराए सही, अब तो उनके अपने भी करप्शन पर सरकार को घेरने लगे हैं। और अंत में.. कोर्ट की फटकार के बाद कलेक्टर को तलब किया
विंध्य क्षेत्र के एक जिले के कलेक्टर का समय ठीक नहीं चल रहा है। कलेक्टर को पहले जमीन के एक मामले में हाईकोर्ट से फटकार मिली और जिसके बाद हाजिर होकर सॉरी बोलना पड़ा था। अब इसी कलेक्टर को राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने दिल्ली तलब किया है। कलेक्टर के साथ एसपी को भी आयोग ने बुलाया है। विंध्य के ही एक नगर निगम और मालवा रीजन के बड़े नगर निगम में कमिश्नर की जिम्मेदारी निभा चुके इस आईएएस के खिलाफ उनके विरोधी भी एक्टिव हैं जो सोशल मीडिया में उनके विरोध की बातें तेजी से फैला रहे हैं। ये भी पढ़ें… बीजेपी को रास आई अफसर की ‘इनकम’ वाली सलाह: 20 दिन से बेकाम बैठे दो आईएएस; प्रशासनिक मुखिया से दूरी बना रहे अधिकारी राजधानी में एक वैवाहिक समारोह में तमाम दिग्गजों का जमावड़ा हुआ। इस विवाहोत्सव में एक पूर्व लाट साहब मैडम भी शामिल हुईं। वर-वधु को आशीर्वाद देने के बाद वे जैसे ही मंच से नीचे उतरीं तो दो दिग्गज कांग्रेसियों से उनका सामना हो गया। हास परिहास में मैडम बोलीं- हम तो पुराने कांग्रेसी हैं। पढ़ें पूरी खबर… ‘सरकार’ को हाथी के नीचे से निकलने का चैलेंज: अचानक धर्म कर्म की राह पर उतरे मंत्री जी; सरकार के करीबियों से अफसर परेशान​​​​​​​ राजधानी में अफसर इन दिनों सरकार के करीबियों से परेशान हैं। अफसरों की स्थिति ऐसी है कि इधर कुंआ, उधर खाई। चूंकि, मामला सरकार के खास का है। इसलिए अफसर चुपचाप आदेश का पालन करने में भलाई समझते हैं। हाल ही में एक पूर्व सीएम की राजधानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें इस बात पर अफसरों के बीच कानाफूसी होती दिखी कि “फलां” के कारण बहुत दिक्कत होती है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *