भास्कर न्यूज|गुमला आगामी दो मार्च को आठवीं बोर्ड वार्षिक परीक्षा 2026 के मद्देनजर विद्यार्थियों के मनोबल को सुदृढ़ करने एवं अंतिम तैयारी को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 28 फरवरी को जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रेरणा सत्र आयोजित किया गया। इस विशेष सत्र के लिए डीसी प्रेरणा दीक्षित द्वारा प्रेरक संदेश दिया गया था जिसे सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभा व वर्ग कक्षों में विद्यार्थियों को प्रेषित किया गया। अपने इस प्रेरक संदेश में उपायुक्त ने कहा है कि “परीक्षा डर नहीं, बल्कि स्वयं को परखने और आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे आत्मविश्वास बनाए रखें, समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें तथा लक्ष्य निर्धारित कर जुनून और अनुशासन के साथ अध्ययन करें। डीसी ने अपने संदेश में यह भी रेखांकित किया है कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। विद्यार्थियों को निरंतर ज्ञान की धारा से जुड़े रहने, पढ़ाई को महत्व देने तथा भविष्य की चुनौतियों विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों-के प्रति अभी से सजग व जिज्ञासु बनने का आह्वान किया गया है। प्रेरणा सत्र के दौरान शिक्षकों द्वारा परीक्षा की अंतिम तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए गए। साथ ही ओएमआर शीट पर उत्तर अंकित करते समय बरती जाने वाली सावधानियों-जैसे प्रश्न संख्या का सावधानीपूर्वक मिलान, सही गोला पूर्णतः भरना, उत्तर बदलने में सतर्कता व निर्देशों का पालन पर विशेष चर्चा की गई, ताकि विद्यार्थी किसी भी तकनीकी त्रुटि से बच सकें। डीएसई नूर आलम खां ने बताया कि सभी विद्यालय में सहभागितापूर्ण व प्रेरणादायी वातावरण में प्रेरणा सत्र संचालित करते हुए विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान सुनिश्चित कराया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को विश्वास है कि इस नवाचारी पहल से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास सुदृढ़ होगा और वे आगामी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।


