भास्कर न्यूज | जालंधर ब्रिटिश ओलिविया स्कूल में एनुअल स्पोर्ट्स मीट अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम के चीफ गेस्ट सीनियर डिप्टी मेयर बलवीर सिंह ढिल्लों रहे। उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में अभिभावक-शिक्षक संघ के सदस्य रविन्दर सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे। एनसीसी कैडेट्स ने चीफ गेस्ट को एस्कॉर्ट कर सलामी दी। विद्यालय के चारों हाउसों ने प्रभावशाली मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। चीफ गेस्ट द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित की गई। तत्पश्चात रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़ कर स्पोर्ट्स मीट के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। स्कूल की निदेशक मोनिका मैनी ने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतिस्पर्धा करने की शपथ दिलाई तथा उन्हें खेलों में सदैव निष्पक्ष और ईमानदार बने रहने का संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर, रिले रेस सहित अन्य आयु वर्ग की विशेष रेस शामिल थीं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्कूल चेयरमैन विजय मैनी ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं, जो सफलता की कुंजी है। विजेता खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई के लिए उन्हें गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए। विजेताओं के चेहरों पर खुशी और गर्व स्पष्ट दिखाई दे रहा था। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ। यह भव्य आयोजन विद्यालय की उत्कृष्ट योजना, समर्पित टीम भावना और खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण बना।


