शहर के व्यस्त घास मंडी इलाके में उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा चलाई जा रही कार अचानक बेकाबू होकर तबाही मचाने लगी। तेज रफ्तार कार ने न केवल सड़क पर जा रही एक घोड़ा गाड़ी को टक्कर मारी, बल्कि रास्ते में आए कई वाहनों को रौंदते हुए सीधे एक दुकान में जा घुसी। हादसे के शिकार हुए दुकानदार राज कुमार ने बताया कि कार चला रहे बुजुर्ग का पैर शायद गलती से एक्सीलेटर पर दब गया था, जिसके बाद कार बेकाबू होकर तेजी से भागने लगी। अनियंत्रित कार ने दुकान के बाहर खड़ी दो बाइकों को बुरी तरह कुचल दिया और दुकान के बाहर लगी लोहे की ग्रिल व कीमती पत्थरों को तोड़ दिया। गनीमत यह रही कि कार समय रहते रुक गई, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि माली नुकसान काफी ज्यादा हुआ है। वहीं, सड़क पर मौजूद राजू ने बताया कि वह अपनी घोड़ी को आगे की ओर ले जा रहा था, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसे और रेहड़े को टक्कर मार दी। इस टक्कर में घोड़ी को काफी चोटें आई हैं, जिसके इलाज के लिए मौके पर डॉक्टर को बुलाना पड़ा। हादसे का शिकार हुए एक अन्य युवक सोनू ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और उसे खुद भी पैर में चोट लगी है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, इस बेकाबू कार की चपेट में आने से सड़क पर खड़े तीन से चार वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। भले ही इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन जिस तरह से कार ने वाहनों को कुचला, उसे देखकर हर कोई दंग रह गया। घटना के बाद लोगों का जमावड़ा लग गया।


