भास्कर न्यूज | फाजिल्का बांके बिहारी मंदिर द्वारा फाल्गुन मेले के मद्देनजर श्री खाटू श्याम जी की शोभायात्रा माधव नगरी से निकाली गई। इस भक्तिमय आयोजन में खुशबू सवना ने विशेष रूप से शिरकत की और प्रभु का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मैडम खुशबू सवना ने कहा कि श्री खाटू श्याम जी के प्रति भक्तों में अपार श्रद्धा और विश्वास है और लोग बड़ी आस्था के साथ उनके दरबार में हाजिरी लगाते हैं। उन्होंने कहा कि इस शोभायात्रा में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था और भारी संख्या में भक्तों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। खुशबू सवना ने श्री खाटू श्याम जी के चरणों में अरदास करते हुए कहा कि बाबा श्याम फाजिल्का निवासियों पर इसी तरह अपनी कृपा बनाए रखें। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रभु अपने भक्तों को दर्शनों के लिए बुलाते रहें और समस्त संगत पर अपना दया-मेहर भरा हाथ रखें ताकि क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। बांके बिहारी मंदिर के इस आयोजन ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया और जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया।


