शांति समिति की बैठक: केमिकल रंग मुखौटे और डीजे पर प्रतिबंध लगाया

भास्कर न्यूज | उदयपुर आगामी होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए थाना उदयपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीओपी तुलसिंह पट्टावी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि पर्व के दौरान हुड़दंग या अव्यवस्था फैलाने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। 3 से 4 मार्च तक थाना क्षेत्र में तीन प्रमुख पेट्रोलिंग प्वाइंट उदयपुर रूट, डांडगांव रूट और खमरिया रोड बनाए गए है। इन क्षेत्रों में मोबाइल यूनिट तैनात रहेगी, जो किसी भी संवेदनशील मामले की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचेगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि होली की आड़ में होने वाली शरारतों को रोकने के लिए कई पाबंदियां लागू रहेंगी। चेहरे को छिपाने वाले मुखौटे और त्वचा को नुकसान पहुंचाने वाले केमिकल युक्त रंगों की बिक्री व उपयोग पर रोक रहेगी। तेज दबाव वाली (फोर्स युक्त) पिचकारियों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि प्रदूषण और विवादों को रोकने के लिए डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। होली के बहाने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार या छेड़खानी करने वालों पर पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी। एसडीओपी तुलसिंह पट्टावी और थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने अपील की कि होली आपसी सद्भाव का प्रतीक है, इसलिए इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। बैठक में नायब तहसीलदार आकाश गौतम, बीएमओ योगेंद्र पैकरा, मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, परमेश्वर प्रजापति, कन्हाई राम बंजारा, क्रांति रावत, व्यापारी दीपक सिंघल, बसंत सिंह, अशोक बंसल, मनीष पांडेय, आशीष बंसल आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *