भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर छत्तीसगढ़ में महिलाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में हुआ। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से वर्चुअली जुड़कर इस देशव्यापी अभियान की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन का महत्व बताते हुए कहा कि यह टीका महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से लगभग 98 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि स्वस्थ महिलाएं ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.आर. भगत ने बताया कि पूरे प्रदेश में 3 लाख 23 हजार किशोरियों को यह वैक्सीन निःशुल्क लगाई जाएगी। अभियान के पहले दिन खड़गवां की छह किशोरियों— अर्चना यादव, पूर्णिमा, रोशनी, अंकिता, मीनू सिंह और अंजना को टीका लगाकर इसकी शुरुआत की गई। अकेले एमसीबी जिले में लगभग 4000 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश के ‘संकल्प बजट 2026-27 का हवाला देते हुए क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। 1 अप्रैल से प्रदेश को 375 नई 108 एंबुलेंस मिलेंगी। गंभीर बीमारियों के लिए 1.50 लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी। सड़क दुर्घटना में घायल को एक घंटे (गोल्डन ऑवर) के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार का प्रोत्साहन इनाम मिलेगा। जिले को 200 बिस्तरों वाला जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और मानसिक चिकित्सालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि खड़गवां से शुरू हुआ यह अभियान प्रदेश की बेटियों और महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हम स्वास्थ्य सुविधाओं को हर गांव तक पहुंचा रहे हैं।


