अंबिकापुर | सरगुजा और सूरजपुर जिले की मुख्य नदियों में इन दिनों अवैध रेत खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। खनिज विभाग द्वारा अब तक रेत घाटों का औपचारिक ठेका नहीं किया गया है, इसके बावजूद माफिया बिना किसी रोक-टोक के अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। प्रतापपुर रोड स्थित महान नदी की हालिया तस्वीरों ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है, जहां दोपहर के वक्त एक साथ दर्जनों ट्रैक्टर और मेटाडोर में रेत भरी जा रही थी। माफिया रोज सैकड़ों गाड़ियों के जरिए नदियों से रेत निकालकर शहर और ग्रामीण इलाकों में खपा रहे हैं। विभाग की निष्क्रियता के कारण सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं प्राकृतिक संसाधनों का बेरहमी से दोहन जारी है।


