भास्कर न्यूज | जांजगीर जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने एक अनोखी और चौंकाने वाली गांजा तस्करी का खुलासा किया है। थाना चांपा पुलिस ने दो नाबालिगों से 6.7 किलो गांजा बरामद किया है। वे चॉकलेट-किशमिश के पैकेट में छिपाकर गांजा तस्करी की जा रही थी। पकड़ा गया गांजा बाजार मूल्य में लगभग ₹3.43 लाख का बताया जा रहा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन चांपा के ओवरब्रिज के नीचे दो किशोर गांजा बेचने के लिए पैकेट में छुपाकर ग्राहक खोज रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो नाबालिगों को पकड़ लिया। कब्जे से चॉकलेट-किशमिश के पैकेट में पैक कुल 6.7 किलो गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।


