जॉइंट फोरम और मुलाजिम एकता मंच के आह्वान पर भिखीविंड डिवीजन में पंजाब सरकार के खिलाफ रोष रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के ‘तानाशाही व्यवहार’ और जनविरोधी फैसलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डिवीजन अध्यक्ष बलजीत हंगाल की अध्यक्षता में हुई इस रैली में वक्ताओं ने शेरों मिल की जमीन पुडा को सौंपने और बिजली बिल 2025 को लागू करने की कोशिशों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने मांग की कि सरकार इन फैसलों को तुरंत वापस ले, अन्यथा संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में सर्कल अध्यक्ष मनजीत सिंह ब्रह्माणी, पूरन सिंह मरडी मेघा, दिलबाग सिंह असल और जसपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में मुलाज़िम नेता व कर्मचारी शामिल हुए।


