पुरानी रंजिश के चलते करीब 15 युवकों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे लगभग एक घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट की। बचाने पहुंचे उसके दो दोस्तों के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की। वारदात शुक्रवार रात करीब 12 बजे बस्ती चौक के पास एक रेस्टोरेंट के बाहर हुई। घायलों की पहचान इंद्र विहार कॉलोनी निवासी सिकंदर कुमार (31), सूरज लाल (32) और शैलेश कुमार (31) के रूप में हुई है। तीनों को चोटें आई हैं। पीड़ित सिकंदर कुमार ने बताया कि वह शिवसेना लोन दल से जुड़ा कार्यकर्ता है और कुछ लोगों से उसकी पहले से रंजिश चल रही थी। शुक्रवार रात वह इलाके में मौजूद था, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक मारपीट की। शोर सुनकर जब उसके दोस्त सूरज और शैलेश मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। किसी तरह तीनों ने धक्का-मुक्की कर अपनी जान बचाई और मौके से निकलकर थाना दरेसी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


