पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के किसान ग्राउंड में आयोजित फोमराह स्वदेशी मेले के दौरान आपदा प्रबंधन और नशामुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नारकॉटिक्स कंट्रोल ब्यूरो चंडीगढ़ जम्मू एवं कश्मीर के जोनल डायरेक्टर अमनजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम में मेला संरक्षक हरीश दुआ और मेला प्रमुख गुरदीप सिंह गोशा ने मुख्य अतिथि का बुके देकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर सिविल डिफेंस टीम ने प्राकृतिक आपदाओं, आगजनी, भूकंप और अन्य आपात स्थितियों में बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। युवाओं को प्राथमिक उपचार, राहत कार्य और नागरिक जिम्मेदारी के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अमनजीत सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई मानस अभियान हेल्पलाइन 1933 के माध्यम से कोई भी व्यक्ति गुमनाम रूप से नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों की सूचना दे सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग दें। विदाई के समय गुरदीप सिंह गोशा, हरीश दुआ, कीमती रावल और अन्य पदाधिकारियों ने हेल्पलाइन 1933 के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। मेले के दौरान युद्ध नशेयां विरुद्ध विषय पर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विधायक अशोक पराशर मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तरी क्षेत्र के प्रचारक बनवीर सिंह राणा ने स्वदेशी उत्पादों का निरीक्षण करते हुए नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण में सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। कार्यक्रम में नशामुक्त अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी मेला केवल व्यापारिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का सशक्त मंच है। पिछले कई वर्षों से नशामुक्ति से जुड़े कार्यकर्ता भी इस अभियान का हिस्सा बने हुए हैं। उपस्थित युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों ने नशे के खिलाफ मिलकर काम करने और अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। जगमीत भुल्लर ने स्वदेशी मेले में अपनी जोशीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से पूरा पंडाल झूम उठा। उनकी दमदार परफॉर्मेंस ने मेले की शाम को खास और यादगार बना दिया। स्वदेशी मेले में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। स्टॉलों पर दिनभर भीड़ लगी रही और हस्तनिर्मित वस्तुओं, कपड़ों व घरेलू सामान की जमकर खरीदारी हुई। व्यापारियों के चेहरों पर भी संतोष साफ नजर आया। बच्चे परफॉर्मेंस देते जगमीत भुल्लर। गाना गाते छात्र ।


