आदमपुर स्थित श्री गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट तक बनने वाली अप्रोच रोड की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। गांव डमुंडा से कंदोला होते हुए 1.25 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण पर 9.70 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी ने यह टेंडर एक निजी कंपनी को अलॉट कर दिया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। श्री गुरु रविदास महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आदमपुर सिविल एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर किए जाने के बाद पंजाब सरकार ने भी परियोजना को गति दी है। लंबे समय से अधूरी पड़ी अप्रोच रोड को पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। पीडब्ल्यूडी ने लंबित एयरपोर्ट रोड प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की निशानदेही पूरी कर मुआवजा राशि का भुगतान भी कर दिया है। गांव डमुंडा में शामिल 1.25 किलोमीटर हिस्से की निशानदेही पिछले वर्ष कर ली गई थी, लेकिन जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अधूरी रहने से प्रोजेक्ट लंबित हो गया था। अब अधिग्रहण पूरा होने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। 16 मीटर चौड़ी फोरलेन 42 करोड़ से बनेगी आदमपुर शहर से एयरपोर्ट तक कुल 5.50 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने का प्रोजेक्ट जारी है। इसमें करीब 4 किलोमीटर हिस्सा तैयार हो चुका है, जबकि शेष 1.25 किलोमीटर गांव डमुंडा और कंदोला से होते हुए एयरपोर्ट तक बनाया जाएगा। गांव डमुंडा और कंदोला में करीब 7 एकड़ (60 कनाल 11 मरले) जमीन अधिग्रहित की गई है। पीडब्ल्यूडी ने 3.63 करोड़ रुपए से अधिक की मुआवजा राशि ब्याज सहित संबंधित लोगों को प्रदान की है। 16 मीटर चौड़ी फोरलेन पर 42 करोड़ खर्च होंगे। 2025 में दो गुना हुई यात्रियों की संख्या… सिविल एयरपोर्ट से वर्तमान में रोजाना हिंडन, श्री नांदेड़ साहिब और बेंगलुरु के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं, जबकि मुंबई के लिए भी नियमित फ्लाइट उपलब्ध है। 2024 की तुलना में 2025 में यात्रियों की संख्या लगभग दोगुनी दर्ज की गई है। मुंबई की उड़ान के माध्यम से यात्रियों को एम्सटर्डम (नीदरलैंड) और मैनचेस्टर (इंग्लैंड) के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी मिल रही है।


