सोबती अस्पताल में पूर्व ड्राइवर ने ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी से नकदी छीन ली। वारदात 21 फरवरी की दोपहर को हंबड़ां रोड स्थित अस्पताल में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में अस्पताल के हॉस्टल में रहने वाली आंचल ने बताया कि 21 फरवरी को वह अपनी ड्यूटी पर तैनात थी। आरोपी गुरप्रीत सिंह उसी अस्पताल में ड्राइवर के तौर पर काम करता था, जिसे सुबह करीब 10 बजे किसी कारणवश डॉक्टर ने नौकरी से हटा दिया था। नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में आरोपी ने वारदात की योजना बनाई। आंचल के अनुसार, दोपहर करीब 3:15 बजे वह कैश की गिनती कर रही थी। तभी अचानक गुरप्रीत सिंह वहां पहुंचा और झपट्टा मारकर उसके हाथ में पकड़े 33,500 रुपये छीन लिए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पीडि़ता ने तुरंत अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना डिवीजन-8 की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए आरोपी दोराहा निवासी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


