एक्सेलस हाई स्कूल में “विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण संवर्धन’ विषय पर कार्यशाला करवाई गई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में किरण केसर (प्रिंसिपल, बीबीएसई पब्लिक स्कूल) और गुनीत अरोड़ा (उप-प्रधानाचार्या, स्प्रिंग डेल्स सीनियर स्कूल) उपस्थित रहीं। संवादात्मक चर्चाओं एवं आत्मचिंतनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने दैनिक शिक्षण अधिगम प्रक्रिया में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को समाहित करने के विभिन्न उपायों पर विचार किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या गुनीता ग्रेवाल ने दोनों संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।


