विष्णु देव साय ने बिल्हा के रहंगी मैदान में आयोजित किसान सम्मेलन में कई घोषणाएं कीं। उन्होंने चकरभाठा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला की माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में अपग्रेड करने तथा सतनामी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख और आदिवासी समाज के लिए पत्थरखान में 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवाल व स्टेज निर्माण और अन्य उन्नयन कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। सरगांव में ट्रामा सेंटर खोलने की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपए अंतरित किए गए हैं। शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा और किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान की सर्वाधिक कीमत दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6 हजार रुपए सम्मान निधि दिए जाने का उल्लेख करते हुए बताया कि पहली कैबिनेट में 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। कार्यक्रम में 15.99 करोड़ के 7 कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ के 82 कार्यों का शिलान्यास हुआ। मुख्यमंत्री ने सभी की सहभागिता से विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने सीएम समेत सभी अतिथियों को खुमरी पहनाकर और हल भेंटकर सम्मान किया। नवाचार से आएगी समृद्धि
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि खेती-किसानी में नवाचार और परिवर्तन से ही किसानों में समृद्धि आएगी। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन, मत्स्यपालन को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य योजना बनाकर सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध रासायनिक खाद के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता खराब हो रही है। किसानों का दर्द समझते हैं
धरम लाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों के दर्द और मेहनत को समझते हैं और होली से पहले सौगात देने के लिए आज आपके बीच हैं। विधायक कौशिक ने बताया कि 3 साल में चार लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हुई है 1 लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की राशि किसानों के खाते में ट्रांसफर की गई है। इस बार नहीं रहा कुर्सी विवाद
मंच में इस बार कुर्सी का विवाद नहीं रहा। सीएम के दाईं ओर मंत्री राम विचार नेताम, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला तो बांई ओर बिल्हा विधायक धरम लाल की कुर्सी थी। इस पर सामंजस्य स्थापित किया गया था। बता दें कि पूर्व में बेलतरा विधानसभा के कोनी और बिलासपुर विधानसभा के अरपा रिवर व्यू में आयोजित कार्यक्रम में कुर्सी को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। सीएम को हस्तक्षेप करना पड़ गया था।


